शामली में हाईवे पर मिला कैश का ‘खजाना’, 4 लाख रुपये बरामद

शामली के शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब काबड़ौत पुल के पास सड़क पर बड़ी मात्रा में नकदी बिखरी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 500 मीटर तक फैले नोटों को सावधानी से इकट्ठा किया। बाद में थाने लाकर गिनती की गई तो कुल रकम चार लाख रुपये निकली, जिसे फिलहाल मालखाने में जमा कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम बलवा चौकी इंचार्ज मुकेश दिनकर अपनी टीम के साथ हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गांव खरड़ (जनपद बागपत) निवासी अमित ने उन्हें बताया कि पुल के पास सड़क पर नोट बिखरे पड़े हैं। उसने यह भी बताया कि एक बाइक सवार के बैग की चेन खुली होने के कारण चलते-चलते नोट गिरते जा रहे थे, लेकिन उसे इसका अंदाजा नहीं हुआ और वह आगे निकल गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक-एक नोट को समेटा और सुरक्षित कोतवाली ले आई। गिनती के दौरान पता चला कि रकम में 500, 200 और 100 रुपये के नोट शामिल हैं। कुछ गड्डियों पर बैंक की पर्चियां भी लगी हुई हैं, जिससे पुलिस को उम्मीद है कि रकम के स्रोत का पता लगाया जा सकेगा।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि बरामद धनराशि को सुरक्षित रख लिया गया है और उसके असली मालिक की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रकम किस वाहन से और कैसे गिरी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के किसी भी थाने में अभी तक इस रकम के गुम होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस बैंक से भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि ये रुपये किस खाते से निकाले गए थे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की यह राशि खोई है, तो वह संबंधित दस्तावेजों के साथ कोतवाली पहुंचकर दावा कर सकता है। जांच के बाद नियमानुसार रकम असली मालिक को सौंप दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.