नदिया में बच्चे की हत्या के आरोप में भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या की

कोलकाता। बंगाल के नदिया जिले के निश्चिंतपुर इलाके में एक बच्चे का शव मिलने के बाद शनिवार सुबह क्षेत्र में तनाव फैल गया। उत्तेजित भीड़ ने बच्चे की हत्या में शामिल होने के शक में दो स्थानीय लोगों पर हमला किया, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने बच्चे के परिवार के दो पड़ोसियों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया और उन पर हत्या का आरोप लगाया। मृत बच्चा शुक्रवार दोपहर से लापता था और शनिवार सुबह उसका शव पास के जलाशय में पाया गया।
अधिकारी ने बताया कि बच्चे का शव तिरपाल में लिपटा हुआ था। मृतक के परिवार ने हत्या का आरोप एक स्थानीय व्यक्ति पर लगाया था। इसके बाद बच्चे के स्वजन और गुस्साई भीड़ ने आरोपित के घर पर धावा बोला, तोड़-फोड़ की और दो लोगों पर हमला किया।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसे नियंत्रण में करने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। कई निवासियों पर हिंसक हमले में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.