यूपी: मायके जाते समय बाइक से गिरी 21 वर्षीय महिला, पति को नहीं लगी भनक

बदायूं के दातागंज क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां पति के साथ मायके जा रही एक 21 वर्षीय विवाहिता रास्ते में बाइक से गिरकर घायल हो गई, लेकिन उसके पति को इसकी जानकारी ही नहीं हो सकी। वह बिना पत्नी के ही ससुराल पहुंच गया, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दातागंज थाना क्षेत्र के गांव गनगोला निवासी ओमपाल की पुत्री शिवानी की शादी दो साल पहले गांव कैलियाई के रहने वाले अखिलेश से हुई थी। बताया जा रहा है कि शिवानी अपने पति के साथ बाइक से मायके जा रही थी। यात्रा के दौरान वह अचानक बाइक से गिर गई, लेकिन पीछे बैठे होने के कारण पति को इसका पता नहीं चला।
जब अखिलेश अपनी ससुराल पहुंचा तो उसे एहसास हुआ कि बाइक पर पत्नी साथ नहीं है। यह देखकर दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग उसे ढूंढने के लिए रास्ते में निकल पड़े। कुछ लोगों ने आशंका भी जताई कि कहीं वह चलते वाहन से खुद तो नहीं कूद गई।
इसी दौरान गनगोला मार्ग से गुजर रही पुलिस को पुलिया के पास एक महिला घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने तुरंत उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
दूसरी ओर, पति और परिजन जब तलाश करते हुए अस्पताल पहुंचे तो उन्हें वहां शिवानी भर्ती मिली। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी वेदपाल सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान महिला को घायल हालत में सड़क किनारे पाया गया था और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.