यूपी: 28 लाख छात्रों को मिली 3350 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के लाखों छात्रों और गरीब परिवारों के लिए बड़ी धनराशि का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) किया। इस मौके पर कक्षा 9, 10 और दसवीं के बाद पढ़ रहे कुल 27,99,982 छात्रों के बैंक खातों में करीब 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति राशि सीधे जमा की गई।
साथ ही 33,334 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। इस स्कॉलरशिप का लाभ केवल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के सभी छात्रों को मिला। इस प्रकार स्कूल से लेकर कॉलेज तक पढ़ रहे लाखों छात्र इसका लाभ उठा पाए।
कमजोर वर्ग पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य छात्र आर्थिक कठिनाई के कारण पढ़ाई बीच में न छोड़े। DBT के जरिए छात्रवृत्ति सीधे खातों में भेजने से पारदर्शिता बढ़ी है और मदद समय पर छात्रों तक पहुंच रही है।
उन्होंने छात्रों से कहा, “ये स्कॉलरशिप आपकी मंजिल नहीं है, परिश्रम आपकी मंजिल है। इसका दुरुपयोग मत करें। सरकार आपकी पढ़ाई और आगे बढ़ने का सहारा है।” मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बेटियों की पढ़ाई के लिए 26 लाख से ज्यादा को लाभ पहुंचाया गया है।
नए योजनाओं और छात्रावासों का निर्माण
सरकार ने बजट में कई नए प्रावधान किए हैं। कामकाजी महिलाओं और छात्रों के लिए छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। मेरठ, प्रयागराज, झांसी, आगरा और गोरखपुर में 500-500 की क्षमता वाले छात्रावास बन रहे हैं।
इसके अलावा महिला उद्यमिता सशक्तीकरण अभियान के तहत महिलाओं के उत्पादों को डिस्प्ले करने के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक जिले में युवाओं के स्किलिंग और रोजगार जोन ‘सरदार वल्लभभाई पटेल’ के नाम से बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब 43 हजार परिवारों को 100 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता सीधे दी गई है। पहले यह पैसा विभिन्न मध्यस्थों और भ्रष्ट लोगों के जरिए जाता था, लेकिन अब इसे सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
छात्रों को वर्गवार लाभ
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बताया कि इस योजना के तहत छात्रों को वर्गवार राशि दी गई है:
अनुसूचित जाति: 6.68 लाख छात्रों को ₹467.94 करोड़
सामान्य वर्ग: 4.95 लाख छात्रों को ₹779.10 करोड़
अन्य पिछड़ा वर्ग: 13.52 लाख छात्रों को ₹1838.59 करोड़
अल्पसंख्यक वर्ग: 2.75 लाख छात्रों को ₹252.76 करोड़
अनुसूचित जनजाति: 7,236 छात्रों को ₹11.61 करोड़
ओपी राजभर ने की सराहना
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” हमारी सरकार का मूल मंत्र है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ सालों में यूपी में विकास की गति तेज रही है और अल्पसंख्यक कल्याण की दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं। साथ ही, छात्रवृत्ति राशि में काफी वृद्धि की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.