अफजाल अंसारी की अचानक बिगड़ी तबीयत, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

HIGHLIGHTS
- अफजाल अंसारी पिछले तीन-चार दिनों से बुखार से पीड़ित थे।
- शुक्रवार शाम उन्हें सीने में दर्द और तीन-चार बार उल्टी हुई।
- हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ ले गए।
गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई। पिछले तीन-चार दिनों से बुखार से पीड़ित सांसद को शुक्रवार शाम सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें उल्टियां भी होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ के मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
सांसद के प्रतिनिधि के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति कुछ बेहतर बताई जा रही है। प्रतिनिधि बलिराम पटेल ने बताया कि अफजाल अंसारी मुहम्मदाबाद स्थित अपने आवास पर थे और पिछले तीन-चार दिनों से बुखार से परेशान थे। स्थानीय चिकित्सक उनका उपचार कर रहे थे।
शुक्रवार शाम उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई और तीन-चार बार उल्टियां हुईं। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर मांगी दुआ
अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने की जानकारी उनके भतीजे और मऊ से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “बड़े अब्बा जनाब अफ़ज़ाल अंसारी साहब (सांसद गाज़ीपुर) की तबीयत अचानक खराब हो गई है, लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती हैं।”
यह जानकारी सामने आने के बाद सांसद के समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई। लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पूर्वांचल की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं अफजाल
अफजाल अंसारी गाजीपुर की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से उनके और उनके परिवार से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई होती रही है। मुख्तार अंसारी के निधन के बाद परिवार की राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी अफजाल अंसारी की भूमिका अहम रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.