यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 जारी, हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% विद्यार्थी पास

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने गुरुवार को हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए। इस बार हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 90.42 और इंटरमीडिएट का 80.38 प्रतिशत दर्ज किया गया है। परिणाम जारी होने के साथ ही टॉपर्स की सूची भी सामने आ गई है।
हाईस्कूल में संयुक्त रूप से दो टॉपर
हाईस्कूल परीक्षा में इस बार संयुक्त रूप से दो छात्राओं ने पहला स्थान हासिल किया है। सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की कशिश वर्मा और बाराबंकी के द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से टॉप किया है।
दूसरे स्थान पर अंशिका वर्मा (बाराबंकी) रहीं, जिन्होंने 97.50 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा रहे, जिन्होंने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा बनीं टॉपर
इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर नंदनी गुप्ता और श्रिया वर्मा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने जगह बनाई।
परीक्षा प्रक्रिया रही पूरी तरह पारदर्शी
बोर्ड परीक्षाएं इस बार योगी सरकार के निर्देशानुसार नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराई गईं। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) और बोर्ड के सभापति डॉ. महेंद्र देव तथा सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी किए गए।
परीक्षा और मूल्यांकन का पूरा विवरण
इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच 8,033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक 254 केंद्रों पर पूरा किया गया।
हाईस्कूल में 26,01,381 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 23,52,181 सफल रहे। वहीं इंटरमीडिएट में 24,86,072 परीक्षार्थियों में से 19,98,317 ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
इस साल भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। हाईस्कूल में बालिकाओं का पास प्रतिशत 93.76 रहा, जबकि बालकों का 87.30 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में भी बालिकाओं का परिणाम 86.32 प्रतिशत रहा, जो बालकों से काफी अधिक है।
टॉपर्स सूची (संक्षेप में)
हाईस्कूल टॉपर:
कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा – 97.83%
इंटरमीडिएट टॉपर:
शिखा वर्मा – 97.60%
इस वर्ष भी यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.