यूपी कैबिनेट की बैठक मंगलवार को, आईएएस वीआरएस और एआई लर्निंग पर होगी चर्चा

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। बैठक में उद्योग, समाज कल्याण और अन्य विभागों के कई प्रस्तावों पर निर्णय होने की संभावना है। सभी संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिवों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
आईएएस रजनीश चंद्र ने वीआरएस के लिए आवेदन किया
2014 बैच के यूपी काडर के आईएएस अधिकारी रजनीश चंद्र ने निजी कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) की मांग की है। उन्होंने 30 अप्रैल 2026 से वीआरएस लेने की इच्छा जताई है। रजनीश चंद्र वर्तमान में विशेष सचिव, ग्राम्य विकास के पद पर तैनात हैं और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 तक है। उनके आवेदन पत्र को केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को भेज दिया गया है।
राज्यकर्मियों की स्व-मूल्यांकन आख्या
प्रमुख सचिव, कार्मिक एम. देवराज के आदेश के अनुसार, वर्ष 2025-26 की सभी स्तरों की वार्षिक प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए समूह क, ख और ग के अधिकारी और कर्मचारी 31 मई तक पोर्टल पर अपनी स्व-मूल्यांकन आख्या जमा करेंगे। समूह घ के कर्मियों की वार्षिक प्रविष्टि उनके नियंत्रक प्राधिकारी दर्ज करेंगे।
इसके बाद, क्रमशः प्रतिवेदक, समीक्षक और स्वीकर्ता अधिकारी 31 जुलाई, 30 सितंबर और 31 दिसंबर तक अपने मंतव्य अंकित करेंगे। यदि किसी अधिकारी ने निर्धारित समय तक टिप्पणी नहीं दी, तो यह स्वतः अगले स्तर पर फॉरवर्ड हो जाएगा।
एआई लर्निंग के लिए निर्देश
प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर चार घंटे का एआई से संबंधित कोर्स पूरा करने का निर्देश दिया गया है। यह लर्निंग 7 और 8 अप्रैल को शाम 4 बजे से 6 बजे तक पूरी करनी होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.