यूपी में भीषण गर्मी का कहर, बांदा सबसे गर्म जिला, लू का अलर्ट जारी

यूपी: प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और तापमान में हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में तेज गर्मी महसूस की गई, जिसमें बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है और तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के न होने के कारण अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी और विकिरणीय ऊष्मन के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि संभव है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इसके चलते दक्षिणी यूपी में लू का एक और दौर शुरू हो सकता है, जिसकी तीव्रता 19 से 22 मई के बीच बढ़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में भीषण लू चलने का भी अनुमान है, जिसके चलते कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया। झांसी में 44.1 डिग्री, प्रयागराज में 44 डिग्री, उरई में 43.4 डिग्री, हमीरपुर में 43.2 डिग्री और आगरा में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में भी पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने धीरे-धीरे आगे बढ़ना शुरू कर दिया है और अंडमान सागर व आसपास के क्षेत्रों में इसका प्रवेश हो चुका है। अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है, हालांकि इसमें कुछ दिनों का अंतर भी संभव है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.