अब नहीं करना होगा रिचार्ज! यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला

अयोध्या। स्मार्ट प्रीपेड मीटर से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर आई है। अब जिन बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड में चल रहे हैं, उन्हें स्वतः पोस्टपेड सिस्टम में बदला जाएगा। यह बदलाव मुख्यालय स्तर से स्वतः किया जाएगा, जिसके लिए उपभोक्ताओं को अलग से आवेदन नहीं करना होगा।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने सभी विद्युत वितरण निगमों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि मई माह का बिल जून में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि हर महीने की 5 तारीख तक मीटर रीडिंग पूरी कर ली जाए और 10 तारीख तक उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध करा दिया जाए।
अधिकारियों के अनुसार बिल उपभोक्ताओं तक SMS और व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेजा जाएगा, ताकि किसी को परेशानी न हो। जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर पंजीकृत नहीं है, वे विभागीय कार्यालय में जाकर इसे अपडेट करा सकते हैं।
बिल प्राप्त न होने की स्थिति में उपभोक्ता यूपीपीसीएल के व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7669003409 पर अपना कनेक्शन नंबर भेजकर बिल प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नए बिजली कनेक्शन अब स्मार्ट मीटर के माध्यम से पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे। पोस्टपेड उपभोक्ताओं को बिल जारी होने के बाद 15 दिन का भुगतान समय मिलेगा, इसके बाद 7 दिन की अतिरिक्त अवधि दी जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बकाया बिलों को लेकर भी राहत दी गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को 30 अप्रैल 2026 तक के बकाए को 10 आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा दी जाएगी। वहीं अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किस्तों में भुगतान का विकल्प मिलेगा।
बिल से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए 15 मई से 30 जून तक सभी बिजली कार्यालयों में विशेष काउंटर और शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 1912 हेल्पलाइन पोर्टल को भी और सक्रिय किया जा रहा है।
जिले में अब तक लगभग 1.10 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से करीब 1 लाख मीटर प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे हैं। अधिकतर मीटर शहरी क्षेत्रों में लगाए गए हैं और धीरे-धीरे सभी को नई व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.