बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, पुलिस-प्रशासन पर पथराव; कई वाहन क्षतिग्रस्त

HIGHLIGHTS
- करीब आधे घंटे तक अधिकारियों और पुलिस पर हुआ पथराव
- एसडीएम के पैर और उनके अर्दली के हाथ में लगी चोट
- अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगने से चोट आई
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और उसे गिराकर क्षतिग्रस्त किए जाने के आरोपों को लेकर मंगलवार को सुबह से शाम तक विवाद की स्थिति बनी रही। सरकारी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे ग्रामीण शाम को उग्र हो गए। इस दौरान भीड़ ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों पर पथराव कर दिया।
करीब आधे घंटे तक चले पथराव में एसडीएम और सीओ की गाड़ी समेत करीब एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने मौके से हटकर खुद को बचाया। पथराव के कारण वहां दहशत का माहौल बन गया। घटना में कई नागरिकों के साथ पुलिस-प्रशासन के कर्मचारियों के घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस फोर्स ने बल प्रयोग कर उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और आंबेडकर की प्रतिमा को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त
पथराव के दौरान पीएसी का ट्रक, फायर ब्रिगेड, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की गाड़ियों के शीशे टूट गए। इसके अलावा वजीरगंज, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा और बिल्सी के इंस्पेक्टरों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं। दो निजी एंबुलेंस के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है।
अधिवक्ता भी घायल
पथराव के दौरान मौके पर मौजूद आसफपुर के अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लग गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके सिर में छह टांके आए हैं।
कई पुलिसकर्मियों को लगी चोट
बवाल के दौरान एसडीएम के पैर में पत्थर लगा, जबकि उनके अर्दली के हाथ में भी चोट आई। इसके अलावा करीब आधा दर्जन महिला सिपाहियों समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
बताया गया कि पुलिसकर्मी हेलमेट और दंगा नियंत्रण के दौरान पहनी जाने वाली जैकेट नहीं पहने होते तो उन्हें ज्यादा चोटें आ सकती थीं। सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पथराव के कारण मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। वहां मौजूद लोग अपनी बाइक छोड़कर वहां से भाग गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.