पांच करोड़ की रंगदारी केस में उर्मिला सनावर को मिली जमानत, अदालत ने दिया आदेश

HIGHLIGHTS
- दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
- पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित आवास से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था।
- गिरफ्तारी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
हरिद्वार: पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को अदालत से राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही राशि के दो जमानती पेश करने पर रिहा करने का आदेश दिया है। जमानत से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उनकी जेल से रिहाई हो सकती है।
दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और रविदास धाम का नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित आवास से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था। उसी शाम उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद उर्मिला की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई। हालांकि, एक दिन जांच आख्या नहीं आने और अगले दिन अन्य कारणों से याचिका पर सुनवाई नहीं हो पाई। सोमवार को अदालत में जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई।
अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कोर्ट को बताया कि इसी प्रकरण से जुड़े मामलों में उर्मिला के खिलाफ पहले भी दस मुकदमे दर्ज हैं। अभियोजन ने जमानत मिलने पर इसके दुरुपयोग की आशंका जताई। वहीं, बचाव पक्ष ने अपनी दलीलें रखते हुए जमानत देने की मांग की।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने अपने आदेश में कहा कि अधिकांश धाराओं में अपराध जमानतीय प्रकृति के हैं। वहीं, धारा 308(5) के तहत अपराध प्रथम दृष्टया बनता हुआ प्रतीत नहीं होता।
अदालत ने यह भी ध्यान में रखा कि आरोपी महिला है और संबंधित अपराधों में मृत्यु या आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान नहीं है। इन परिस्थितियों और अन्य तथ्यों को देखते हुए कोर्ट ने उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर कर ली।
बचाव पक्ष की अधिवक्ता प्रीति सिंह ने बताया कि मंगलवार को अदालत में जमानती दस्तावेज पेश किए जाएंगे। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उर्मिला सनावर को जेल से रिहा कर दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.