हिमाचल कांग्रेस के नए अध्यक्ष विनय कुमार ने पदभार किया ग्रहण, कार्यकर्ताओं के हितों पर दिया जोर

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि वे भाजपा से मुकाबला करेंगे और संगठन के मजबूत होने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। उन्होंने एलान किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर जल्द ही कार्यकारिणी गठित की जाएगी।
राजीव भवन में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विनय कुमार ने कहा कि हाईकमान ने उन्हें इसलिए प्रदेश अध्यक्ष बनाया क्योंकि वे सभी से प्रेम करते हैं। “पार्टी कार्यकर्ता मेरी आवाज होंगे, मेरा प्रयास रहेगा कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल बना रहे,” उन्होंने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व देने का भी आग्रह किया।
विनय कुमार ने बताया कि दो-तीन महीने के भीतर प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर भी संगठन सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले 11 दिसंबर को बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें 50 से 100 महिलाओं और युवाओं की विशेष टीम मुख्य भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें ईमानदारी से निभानी है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को माता तुल्य और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को गुरु तुल्य बताते हुए विनय कुमार ने कहा कि उनकी सलाह का सम्मान करेंगे और कार्यकारिणी में महिलाओं को विशेष महत्व मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2026 में संगठन को मजबूत किया जाएगा और 2027 में कांग्रेस की सरकार प्रदेश में दोबारा बनाई जाएगी।
समारोह में सिरमौर से आए समर्थकों का विनय कुमार ने खास धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सिरमौर के समर्थक पदभार ग्रहण कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी संभालने के लिए एक दिन पहले शिमला पहुंच गए थे। उनके इस प्रेम और समर्थन के लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया। समारोह में समर्थकों ने जोरदार नारे लगाकर विनय कुमार का स्वागत किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.