चंबा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी ऑल्टो कार, दो युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- हीलिंग नाले के पास देर रात हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य।
- मृतकों की पहचान सुरेश कुमार और संजू राम के रूप में हुई।
- पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चंबा। उपमंडल भरमौर की तहसील होली के लामू–हीलिंग मार्ग पर स्थित हीलिंग नाले के पास बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष) और संजू राम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक देर रात हीलिंग से अपने घर की ओर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान हीलिंग नाले के समीप उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक शादीशुदा थे। सुरेश कुमार के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि संजू राम अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.