दिल्ली में मौसम ने ली करवट, बारिश से तापमान 7 डिग्री गिरा, ठंडक बढ़ी

दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में ठंडक लौट आई है। ठंडी हवाओं ने लोगों को फिर से हल्की सर्दी का अहसास करा दिया है और कई जगह लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर अधिकतम 100 प्रतिशत और न्यूनतम 62 प्रतिशत तक पहुंचा। पिछले 24 घंटों के दौरान 8.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार रात 8:30 बजे तक 0.8 मिमी अतिरिक्त बारिश दर्ज हुई। विभाग ने देर रात तक दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जिससे संकेत मिलता है कि कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान में भी अंतर देखा गया—रिज क्षेत्र में 26.5 डिग्री, लोधी रोड में 26.8, आया नगर में 25.2 और पालम में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आंधी-बारिश से प्रभावित रहा ट्रैफिक
दिनभर बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर झोंकों के साथ बारिश हुई। इससे जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई। तेज हवाओं के कारण एनसीआर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो कभी-कभी 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान की बात करें तो 21 मार्च को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, 22 से 24 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री और न्यूनतम 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.