युवक ने यूपी सरकार की कार पर किया स्टंट, वीआईपी इलाके में पुलिस गश्त की खुली पोल

मेरठ: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एसएसपी आवास के बेहद पास एक युवक ने चलती कार के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट किया। घटना उस कार पर हुई, जिस पर स्पष्ट रूप से “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखा हुआ था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस मामले की गंभीरता को लेकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
घटना बृहस्पतिवार दोपहर को कुटी चौराहे पर हुई, जो एसएसपी आवास से मात्र 100 मीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी काफी दूरी से स्टंट करते हुए आए, लेकिन रास्ते में कहीं भी पुलिस गश्त नजर नहीं आई। सड़क पर अचानक खड़े युवक को देख यातायात जाम हो गया और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई।
कुछ राहगीरों ने स्टंट का विरोध किया तो कार सवार युवकों ने उनके साथ अभद्रता की और अपनी सरकारी पहचान का रौब झाड़ते हुए उन्हें धमकाया। इसी बीच, एक नागरिक ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है।
पुलिस ने की कार्रवाई की तैयारी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। वायरल फुटेज के आधार पर कार के नंबर और आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.