मेरठ में पति की बाइक पर युवती को देख भड़की पत्नी, सड़क पर दोनों में जमकर मारपीट; वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सामने आया मामला
- सुपरटेक पाम ग्रीन सोसाइटी के पास हुआ विवाद
- करीब 20 मिनट तक सड़क पर चलता रहा हंगामा
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की सुपरटेक पाम ग्रीन सोसाइटी के पास बुधवार सुबह एक महिला ने अपने पति की बाइक पर एक युवती को बैठे देखा। शिवपुरम कॉलोनी निवासी महिला ने युवती को पति की महिला मित्र बताते हुए विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवती ने महिला को सड़क पर गिराकर बाल पकड़कर पीटा। करीब 20 मिनट तक सड़क पर मारपीट और हंगामा चलता रहा। इस दौरान वाहन रोककर कई लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ लोग वीडियो बनाते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिवपुरम निवासी महिला ने तहरीर में बताया कि उसके पति सुपरटेक पाम ग्रीन सोसाइटी के पास स्थित एक जिम में जाते हैं। युवती पहले से ही उसके पति के संपर्क में है। महिला के मुताबिक, काफी समझाने के बाद भी युवती नहीं मानी। बुधवार सुबह उसे जानकारी मिली कि युवती भी पति के साथ जिम जाने लगी है। मामले की हकीकत जानने के लिए महिला जिम के पास पहुंची। वहां सड़क पर उसने पति की बाइक पर युवती को बैठा देखा। इसके बाद महिला ने युवती को खरी-खोटी सुनाई। लोगों के अनुसार, पहले दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।
'तूने मेरी जिंदगी खराब कर दी...तू मेरे खिलाफ रिपोर्ट लिखाएगी'
वायरल वीडियो में महिला यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि 'तूने मेरी जिंदगी खराब कर दी।' वहीं युवती कहती सुनाई दे रही है कि 'तू मेरे खिलाफ रिपोर्ट लिखाएगी।' लोगों के मुताबिक, युवती ने महिला को सड़क पर गिरा दिया और उसके ऊपर बैठकर बाल पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट के दौरान राहगीर रुककर घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने महिला को छुड़ाने की कोशिश नहीं की। पास के एक दुकानदार ने बताया कि महिला के कपड़े फट गए थे। इसी वजह से पुरुष उसे हाथ लगाने से बच रहे थे। हालांकि, वायरल वीडियो में एक महिला भी दिखाई दे रही है और कुछ लोग वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
लोगों के अनुसार, सड़क पर गिरने के बाद महिला ने भी युवती के बाल पकड़ लिए थे। दोनों एक-दूसरे के बाल खींचती रहीं।
पुलिस और परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया
युवती के हमले में महिला को काफी चोटें आईं। वायरल वीडियो में सड़क पर खून भी दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन महिला को बिजली बंबा बाईपास रोड स्थित प्रेम अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, महिला के मुंह पर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
घटना में पति से जुड़ा मामला होने के कारण महिला ने कई घंटे तक तहरीर नहीं दी। शाम को उसने पुलिस को तहरीर दी।
ये बोले एसपी सिटी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पहले महिला तहरीर देने से इंकार कर रही थी। इस पर थाना पुलिस को अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बाद में महिला ने तहरीर दे दी। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.