कृपया प्रतीक्षा करें…
कृपया प्रतीक्षा करें…
राज्यवार अपडेट और घटनाक्रम।

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर निशाना साधते हुए तत्काल कटौती की मांग की। केजरीवाल ने कहा कि कच्चे तेल के दाम घटने के बावजूद देश में ईंधन सस्ता नहीं हुआ, जिसका फायदा जनता को मिलना चाहिए। आप संयोजक ने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल के दाम कम होने से महंगाई घटेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

गाजियाबाद के विजयनगर की सर्वोदय कॉलोनी में बारिश के दौरान नाली में गिरने से 3 साल की बच्ची पल्लवी की मौत हो गई। घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से बच्ची गहरे नाले में जा गिरी, तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल, घटना ने जलभराव और खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर खुद को निर्दोष बताया है। वहीं, मेघालय सरकार उसकी जमानत रद्द कराने की मांग को लेकर सर्वोच्च अदालत पहुंची है।

लगातार बारिश से जलभराव की समस्या के बीच मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर के रामपुरी और मिमलाना रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और नालों की तत्काल सफाई के निर्देश दिए।

उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते चमोली और उत्तरकाशी में भूस्खलन हुआ, जिससे बदरीनाथ और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर प्रभावित हुए। हरिद्वार, पिरान कलियर, रुड़की और लंढौरा में जलभराव से घरों, दुकानों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चमोली के थराली क्षेत्र में कई ग्रामीण सड़कें मलबे और चट्टानें गिरने से बंद हो गईं, जबकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मार्ग बहाल करने में जुटी हैं।

सुल्तानपुर की शाहगंज पुलिस चौकी में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। युवक ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था, जहां दोबारा उसके साथ मारपीट हुई। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देवगिरी ने चंपत राय से मुलाकात के बाद कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी तरह के आक्रोश में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि चंपत राय ट्रस्ट की नई व्यवस्थाओं और फैसलों के साथ मजबूती से खड़े हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से रकम छिपाने के तरीके और बैंक लेनदेन को लेकर अहम जानकारी मिलने का दावा किया गया है।

देहरादून में लगातार भारी बारिश को देखते हुए पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस टीमें नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में गश्त कर लोगों को सुरक्षित रहने और बढ़ते जलस्तर से सावधान रहने की अपील कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद लेने की अपील की है।

फिरोजाबाद की आयुध उपस्कर निर्माणी (OEFH) में कथित 12 करोड़ रुपये से ज्यादा के टेंडर घोटाले का सीबीआई ने खुलासा किया। पूर्व मुख्य महाप्रबंधक समेत अधिकारियों, ठेकेदारों और निजी कंपनियों के खिलाफ भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और साजिश की 4 एफआईआर दर्ज की गईं। जांच में फर्जी टेंडर, सरकारी कंप्यूटर के दुरुपयोग और रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।

मुजफ्फरनगर की चरथावल पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दाऊद उर्फ काला को अवैध 12 बोर तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दाऊद पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मथुरा के चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम गुंबद का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय मस्जिद में नमाज चल रही थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के कारण गुंबद कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की असली वजह की जांच जारी है।

इटावा के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात बस और गैस टैंकर की जोरदार टक्कर में पांच यात्री घायल हो गए। गोंडा से दिल्ली जा रही बस चालक को नींद आने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। हादसे के समय बस में चालक-परिचालक समेत 38 लोग सवार थे, घायलों को रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचाया।

कांवड़ यात्रा से पहले रुड़की रोड पर भारी जलभराव, 500 मीटर के हिस्से में 2 से 3 फीट तक पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ी। जलभराव से घरों, दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आईं, जबकि आम आवाजाही प्रभावित हुई। लाखों शिवभक्तों के गुजरने वाले इस मार्ग की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ी, प्रशासन से जल्द जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग।

मुजफ्फरनगर सदर तहसील में भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रशासन से वार्ता और मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद समाप्त हो गया। किसानों ने भ्रष्टाचार, दाखिल-खारिज, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, अवैध कब्जे और जलभराव समेत 11 मुद्दों को लेकर मांगपत्र सौंपा था। भाकियू ने चेतावनी दी है कि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।

शोपियां में सुरक्षाबलों ने पांच दिन तक चले संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-ताइबा के शीर्ष कमांडर जाकिर अहमद गनई को मार गिराया। खुफिया इनपुट के आधार पर हुई इस कार्रवाई से अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने की संभावित आतंकी साजिश नाकाम होने का दावा किया गया है। ऑपरेशन के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए, जबकि जाकिर के साथी आतंकी लतीफ की तलाश में अभियान जारी है।