पूर्वी दिल्ली में दर्दनाक हादसा, मकान की छत गिरने से दंपती की मौत; बेटा सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- गामरी एक्सटेंशन में रात करीब 9:45 बजे हुआ हादसा, राहत कार्य में जुटे स्थानीय लोग और पुलिस।
- दमकल विभाग ने मौके पर भेजे तीन वाटर टेंडर और एक रेस्क्यू वाहन।
- पुलिस छत गिरने के कारणों की जांच कर रही है, मृतक दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान की छत अचानक गिरने से दंपती मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, उनका 9-10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दमकल विभाग के मुताबिक, रविवार रात गामरी एक्सटेंशन स्थित हंसराज डेयरी के पास एक मकान की छत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक रेस्क्यू वाहन मौके पर रवाना किए गए।
जब दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोग और पुलिस दंपती को मलबे से निकाल चुके थे। दोनों को कैट्स एंबुलेंस के जरिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 120 वर्ग फुट क्षेत्र की छत भरभराकर गिर गई। संबंधित मकान भूतल और पहली मंजिल का बना हुआ था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय निवासी बलबीर सिंह परमार ने बताया कि हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। मकान में पति-पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ रहते थे। छत गिरने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।
परमार के अनुसार, उन्होंने घायल टिंकू को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उर्मिला की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दंपती
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद बीट कांस्टेबल को सूचना दी गई, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा या मैनपुरी जिले के निवासी थे। हादसे में सुरक्षित बचे बच्चे के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.