नोएडा में असम की 19 वर्षीय युवती की हत्या, पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से 10 वार का खुलासा

HIGHLIGHTS
- महक अहमद असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी और नोएडा में कॉल सेंटर में काम करती थी
- वह करीब तीन सप्ताह पहले माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी
- पोस्टमार्टम में शरीर पर कई चोटों और धारदार हथियार के निशान मिले
नोएडा। बरौला के पीजी में असम की 19 वर्षीय महक अहमद की हत्या के मामले में बुधवार को सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से करीब दस बार वार किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर चोट से अधिक खून बहने के कारण महक की मौत हुई थी।
हत्या के बाद फरार आरोपी रमन राज को नोएडा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे नोएडा लेकर आ रही है। सर्विलांस टीम मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी तक पहुंची। वहीं, मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, महक असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी। करीब तीन सप्ताह पहले वह अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। यहां वह कॉल सेंटर में नौकरी करती थी और अपनी सहेली संजना के साथ बरौला स्थित तीन मंजिला पीजी में रह रही थी। संजना भी असम की रहने वाली है।
बीटेक पास इंजीनियर है रमन
पीजी में ही महक की बिहार के कटिहार निवासी रमन राज से बातचीत शुरू हुई थी। रमन बीटेक कर चुका है और आईटी कंपनी में काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह कोई काम नहीं कर रहा था।
आठ अगस्त की रात महक और संजना कमरे के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान रमन शराब पी रहा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। हालांकि, विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, दस अगस्त को जब महक कमरे में नहीं मिली तो संजना ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद था। इसी बीच रमन के कमरे से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कमरे पर ताला लगा हुआ था। शक होने पर मकान मालिक सार्थक बंसल के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। ताला खुलवाकर कमरे की तलाशी लेने पर महक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान और धारदार हथियार से वार की पुष्टि हुई है।
मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद फरार रमन की तलाश में जुटी पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की। आरोपी अपने गृह जनपद कटिहार में मिला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बिहार पहुंची और बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया।
नोएडा लाकर आरोपी से पूछताछ की जाएगी। पुलिस को पूछताछ के दौरान हत्या की वजह और मामले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी रमन को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से करीब दस वार किए जाने और ज्यादा खून बहने से मौत की बात सामने आई है। महक का नोएडा में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.