कब्रिस्तान से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक, सरधना में दो सगे भाइयों की मौत

मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव में ईद के दिन दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में ग्राम प्रधान सहीदू के दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने एहतियात के तौर पर भारी फोर्स तैनात कर दी है।
पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत गांव के कब्रिस्तान के पास हुई। बताया गया कि चुन्नू पुत्र नसीर और ग्राम प्रधान पक्ष के सलमान पुत्र वजरुद्दीन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया और घर भेज दिया।
आरोप है कि कुछ समय बाद चुन्नू शराब के नशे में फिर से हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने सलमान पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे ग्राम प्रधान के भाई भूरा मौके पर पहुंचे। इसी बीच दोनों पक्षों के लोग धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते संघर्ष शुरू हो गया।
इस झड़प में भूरा (40) और सैमुद्दीन (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भूरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सैमुद्दीन की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हिंसक झड़प में तौहीद, एहसान, अजरूद्दीन, आमिर और मंसूर समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से शाहिद और शाकिब के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.