एटा में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में दर्जनभर यात्री घायल

एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में रेलवे पुल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें रोडवेज के रंग में रंगी बस और एक ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खाई में जा गिरे। इसी दौरान ट्रक नीचे खड़ी एक कार पर गिर गया, जिससे कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई। राहत की बात यह रही कि उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं पास से गुजर रहे पैदल यात्री भी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक अलीगढ़ की ओर चंबल लेकर जा रहा था, जबकि सवारियों से भरी “कौशांबी” लिखी बस दिल्ली के आनंद विहार से फर्रुखाबाद जा रही थी। रेलवे पुल के पास दोनों वाहनों की टक्कर के बाद स्थिति बेकाबू हो गई और वे खाई में गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया और सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.