मनी लॉन्ड्रिंग केस में आप नेता दीपक सिंगला पर शिकंजा, ईडी ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोमवार सुबह से दिल्ली और गोवा समेत करीब सात स्थानों पर एक साथ चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद की गई।
जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है। सूत्रों के मुताबिक, मामला लगभग 100 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। कई घंटों तक चली छापेमारी के दौरान ईडी ने दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
ईडी की टीम ने सोमवार सुबह ही एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी थी, जिनमें दिल्ली और गोवा के अलग-अलग स्थान शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एजेंसी इस मामले की लंबे समय से जांच कर रही थी और मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024 में भी दीपक सिंगला से जुड़े मामलों में ईडी ने सर्च ऑपरेशन किया था, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन की जांच की गई थी। उसी जांच को आगे बढ़ाते हुए अब यह गिरफ्तारी की गई है।
फिलहाल ईडी जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और धन का उपयोग किन माध्यमों से किया गया।
इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। आम आदमी पार्टी की ओर से कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया दी है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि ED, CBI और अन्य संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं AAP नेता अनुराग ढांडा ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है और पार्टी की गोवा में गतिविधियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.