आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाया, अशोक मित्तल को मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए अपने सांसद राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब पार्टी ने सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में नया उपनेता नियुक्त किया है। इस संबंध में गुरुवार (2 अप्रैल) को राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भेजकर जानकारी दी गई।
बोलने के समय को लेकर भी किया गया बदलाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, AAP ने सचिवालय को यह भी सूचित किया है कि अब राघव चड्ढा को सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। इसके साथ ही पार्टी ने अशोक मित्तल को उच्च सदन में उपनेता की जिम्मेदारी सौंपने का अनुरोध किया है।
स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर
इससे पहले हाल ही में AAP ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची से भी राघव चड्ढा का नाम हटा दिया था। यह फैसला पार्टी के भीतर संभावित मतभेदों की चर्चा को और तेज कर रहा है, खासकर पंजाब इकाई को लेकर।
राज्यसभा में AAP के 10 सांसद
वर्तमान में राज्यसभा में AAP के कुल 10 सदस्य हैं। इनमें से सात सांसद पंजाब से और तीन सांसद दिल्ली से हैं।
पार्टी से दूरी की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद से राघव चड्ढा पार्टी की सक्रिय राजनीति से कुछ हद तक दूरी बनाए हुए नजर आए हैं। हाल के महीनों में उन्होंने संसद में पेड पैटरनिटी लीव, एयरपोर्ट पर महंगे खाद्य पदार्थों की कीमत, गिग वर्कर्स के अधिकार और बड़े शहरों में ट्रैफिक की समस्या जैसे मुद्दे उठाए।
हालांकि, पार्टी के मुख्य राजनीतिक मुद्दों पर उनकी चुप्पी को लेकर अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं।
फैसले की वजह पर आधिकारिक बयान नहीं
AAP ने अभी तक राघव चड्ढा को पद से हटाने के फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह कदम पार्टी अनुशासन और रणनीतिक मतभेदों से जुड़ा हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.