अमृतसर में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश नाकाम, 690 ग्राम IED बरामद

HIGHLIGHTS
- अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले संदिग्ध आईईडी बरामद की।
- काले मोम से लिपटे पैकेट में 690 ग्राम आईईडी मिली।
- पैकेट के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और बैटरी भी बरामद हुई।
अमृतसर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब के अमृतसर जिले में होने वाली एक बड़ी आतंकी साजिश को जिला देहात पुलिस ने फिलहाल नाकाम कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 690 ग्राम आईईडी बरामद की है। इस आईईडी के जरिए विभिन्न पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की योजना थी। बरामद आईईडी काले रंग के मोम से लिपटे एक पैकेट में मिली। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद किया गया। पुलिस ने बम डिस्पोजल स्क्वायड की मदद से विस्फोटक को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
पुलिस का बयान
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस की सतर्कता से राष्ट्रविरोधी तत्वों की साजिश को नाकाम कर संभावित खतरे को टाल दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और आईईडी के पीछे मौजूद लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कैसे मिली सफलता?
एसएसपी अमृतसर देहाती कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले में पहले से ही नाकाबंदी और चेकिंग बढ़ा दी गई थी। सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि एएसआई कुलबीर सिंह गग्गोमहन इलाके में नाइट पेट्रोलिंग कर रहे थे। पुलिस टीम को इलाके में एक संदिग्ध वस्तु पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां काले रंग के मोम से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर पुलिसकर्मियों ने पैकेट की जांच की तो उसमें आईईडी होने का पता चला। पैकेट के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी मिला।
मौके पर नष्ट किया गया विस्फोटक
सूचना मिलने के बाद बम डिस्पोजल स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं, अन्य बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की जांच जारी
इस संबंध में थाना रामदास, अमृतसर ग्रामीण में एफआईआर नंबर 162 दर्ज की गई है। पुलिस ने एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आईईडी यहां किसने रखी थी और इसके पीछे क्या मकसद था। मामले में आईईडी के पीछे मौजूद लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.