बरेली: नाले में बहे मासूम प्रीत का तीसरे दिन मिला शव

HIGHLIGHTS
- नगर पालिका, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
- शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
- पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह लगातार रेस्क्यू अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे थे।
बरेली: आंवला थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान नाले में बहा मासूम प्रीत तीसरे दिन मृत मिला। नगर पालिका, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद गुरुवार को बच्चे का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद से उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह लगातार रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि हर संभव प्रयास कर बच्चे का पता लगाया जाए। इसके बाद नगर पालिका, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार तीन दिन तक दिन-रात अभियान चलाती रहीं। इस बीच नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली ने भी बच्चे का सुराग देने या तलाश में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के लिए पूरे इलाके का विशेष नक्शा तैयार किया गया था। उसी के आधार पर संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकलौते बेटे का शव मिलने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। गौरतलब है कि मंगलवार को आंवला के मोहल्ला खेड़ा में मूसलाधार बारिश के दौरान नंदराम प्रजापति का 8 वर्षीय दिव्यांग बेटा प्रीत नाले के तेज बहाव में नहाते समय बह गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.