बीसीसीआई का आदेश: सभी सीनियर खिलाड़ियों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना अनिवार्य

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने राष्ट्रीय टीम के सभी सीनियर खिलाड़ियों को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मैच खेलने के लिए अनिवार्य कर दिया है। यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू हो रहा है।
बीसीसीआई का उद्देश्य राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले जाने वाले अंतिम टी20 और 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के बीच के तीन सप्ताह के अंतराल में सक्रिय रखना है।
अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने खिलाड़ियों को निर्देश दे दिए हैं कि उन्हें अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मैच खेलना अनिवार्य है। इस निर्देश के तहत रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ी शामिल हैं। केवल श्रेयस अय्यर फिटनेस कारणों से फिलहाल इससे मुक्त रह सकते हैं।
बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विजय हजारे ट्रॉफी में कुल छह राउंड होंगे और खिलाड़ी व राज्य संघ तय कर सकते हैं कि किन दो राउंड में वह खेलेंगे। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि हजारे ट्रॉफी खेलना अब वैकल्पिक नहीं है। केवल वही खिलाड़ी छूट पा सकते हैं जिन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनफिट घोषित करे।
इस बीच जसप्रीत बुमराह तीसरे टी20 मैच से पहले निजी कारणों से घर लौट गए हैं। सूत्रों के अनुसार उनके एक करीबी परिवार सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। हालात सामान्य होने पर बुमराह चौथे या पांचवें टी20 मैच में टीम से जुड़ सकते हैं।
बीसीसीआई, आईसीसी की समयसीमा के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की टीम का एलान एक ही दिन करेगी, और संभावना है कि जनवरी के पहले सप्ताह में इसका ऐलान किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.