IGI एयरपोर्ट पर एमिरेट्स विमान से टकराया पक्षी, EK517 फ्लाइट में देरी से यात्री परेशान

HIGHLIGHTS
- उड़ान EK 517 को शनिवार शाम 4:25 बजे टर्मिनल-3 से रवाना होना था।
- घटना से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए।
- विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को दुबई जाने वाली एमिरेट्स एयरलाइंस की उड़ान EK 517 के साथ बर्ड स्ट्राइक की घटना सामने आई। पक्षी के विमान से टकराने के बाद उसके अगले हिस्से यानी नोज कोन को नुकसान पहुंचने की खबर है। इस घटना के चलते उड़ान में देरी हुई और यात्रियों को आगे की यात्रा के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एमिरेट्स की उड़ान EK 517 को शनिवार शाम 4:25 बजे टर्मिनल-3 से दुबई के लिए रवाना होना था। हालांकि, विमान के साथ बर्ड स्ट्राइक की घटना होने के बाद वह निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सका। टक्कर से विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल
इस घटना से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए हैं। इनमें विमान के अगले हिस्से पर नुकसान दिखाई देने का दावा किया गया है। विमान के इस हिस्से को क्षति पहुंचने पर उसकी तकनीकी जांच करना जरूरी होता है।
विमान की स्थिति का आकलन करने और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही उड़ान के संबंध में फैसला लिया जा सकता है। उड़ान में देरी के चलते यात्री प्रस्थान के नए समय की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि, विमान की जांच और मरम्मत की स्थिति के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस घटना को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट और एमिरेट्स एयरलाइंस की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यात्रियों के घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं
घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के घायल होने की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि विमान और पक्षियों के बीच टक्कर को विमानन क्षेत्र में बर्ड स्ट्राइक कहा जाता है। ऐसी घटनाओं में विमान के इंजन, विंडशील्ड या बाहरी हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है।
नुकसान कितना गंभीर है, इसके आधार पर विमान की तकनीकी जांच की जाती है और उड़ान के संचालन को लेकर फैसला लिया जाता है। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले भी बर्ड स्ट्राइक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.