यूपी चुनाव के लिए भाजपा ने तैयार किया रोडमैप, छह क्षेत्रों में जाकर संगठन की नब्ज टटोलेंगे अमित शाह

HIGHLIGHTS
- महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी जाएगी।
- जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव व्यवस्था समितियां गठित की जाएंगी।
- हर 50 परिवारों के लिए एक कार्यकर्ता तैनात करने की योजना है।
लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से आक्रामक रणनीति के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किए जाने के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पार्टी ने सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव का रोडमैप तैयार किया।
तय रणनीति के मुताबिक, अमित शाह प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद के दौरों में बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ भी संवाद करेंगे।
इससे पहले जिला इकाइयों को तय मानकों के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की सूची तैयार करनी होगी। चुनावी जिम्मेदारियों के लिए दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिला पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे अमित शाह
अमित शाह के संबोधन के अगले दिन प्रदेश भाजपा की बैठक में भी उनकी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शाह की ओर से बताई गई चुनावी तैयारियों और संगठन की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में चुनावी रणनीति की कमान वह खुद संभालेंगे।
योजना के अनुसार, अमित शाह अलग-अलग क्षेत्रों या कमिश्नरियों में पहुंचकर जिला पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
शनिवार को प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों सहित 240 कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा, जगदीश ईश्वर पटेल और प्रदीप वर्मा ने भी अपने अनुभव साझा किए।
चुनाव की तैयारी के लिए बनेगी बारीक कार्ययोजना
विनोद तावड़े ने कहा कि यह माइक्रोमैनेजमेंट का चुनाव है, इसलिए हर स्तर पर बारीकी से योजना तैयार करनी होगी। उन्होंने जिला और विधानसभा स्तर पर जल्द चुनाव व्यवस्था समितियां गठित करने के निर्देश दिए।
महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में जिम्मेदारी दी जाएगी। जिला प्रभारी विधानसभा क्षेत्रों में और विधानसभा प्रभारी शक्ति केंद्रों पर प्रवास करेंगे।
तावड़े ने बताया कि प्रत्येक 50 परिवारों की जिम्मेदारी एक-एक कार्यकर्ता को सौंपी जाएगी। इसके तहत घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जाएगा। साथ ही जिला स्तर पर समन्वय के लिए टोलियां गठित की जाएंगी।
23 हजार फोकस बूथों पर रहेगा विशेष ध्यान
भाजपा ने प्रदेश के 23 हजार फोकस बूथों के लिए अलग रणनीति तैयार करने की योजना बनाई है। बूथ स्तर पर लाभार्थियों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जातीय समीकरणों से संबंधित जानकारी भी मांगी गई है।
जिला इकाइयों को ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने के लिए कहा गया है, जो तीन बार पदाधिकारी रह चुके हैं।
वहीं, तीन नवंबर से प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.