मुजफ्फरनगर के लापता युवक का शव सहारनपुर बॉर्डर पर मिला, हत्या की आशंका

सहारनपुर। मुजफ्फरनगर जिले के कुटेसरा गांव से लापता युवक पिंटू (22) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक देवबंद क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करता था। उसका शव देवबंद-मुजफ्फरनगर सीमा पर स्थित आखलौर खेड़ी गांव के पास खेत में बरामद हुआ। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात खेत में शव पड़े होने की सूचना डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन रात होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पता चला कि शव कुटेसरा निवासी पिंटू का है, जो पिछले कई दिनों से लापता था।
परिजनों ने बताया कि पिंटू 29 अप्रैल की सुबह घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। वह देवबंद के घलौली गांव स्थित रेलवे लाइन के पास एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और बाद में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या कई दिन पहले की गई है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि गले पर भी दबाव के निशान बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पहले उस पर हमला किया गया और बाद में गला दबाकर हत्या की गई।
परिजनों ने हत्या के पीछे लूट की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि युवक की बाइक, मोबाइल फोन और पर्स अभी तक नहीं मिले हैं। साथ ही आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट कर बेरहमी से हत्या की गई।
पिंटू परिवार में दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता की दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी और उसकी शादी भी नहीं हुई थी।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की बात सामने आई है। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.