पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक: दिल्ली धमाका ‘आतंकवादी हमला’ घोषित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लाल किले के पास हुए धमाके को आतंकी घटना करार दिया गया। बैठक में मंत्रियों ने इस हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दो मिनट का मौन रखा।
देश की शांति और सुरक्षा पर हमला
बैठक में सरकार ने कहा कि यह कृत्य न केवल निर्दयी है, बल्कि देश की शांति और एकता पर भी हमला है। कैबिनेट ने सुरक्षा और जांच एजेंसियों को निर्देश दिए कि दोषियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। सरकार ने आतंकवाद के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर फिर से जोर दिया।
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस
मंत्रिमंडल ने इस हमले को ‘कायराना और निंदनीय’ करार दिया। सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और जांच में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए रखने का भरोसा भी दोहराया गया।
वैश्विक समर्थन की सराहना
बैठक में कहा गया कि दुनिया के कई देशों द्वारा व्यक्त एकजुटता और समर्थन से भारत की दृढ़ता और मजबूत हुई है। वैश्विक सहयोग संकट की घड़ी में देश के हौसले को बढ़ाता है।
प्रधानमंत्री की तत्परता
पीएम मोदी भूटान दौरे से लौटते ही घायलों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने सभी घायलों से मुलाकात कर हौसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शाम करीब साढ़े पांच बजे पीएम की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा और कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.