शाहजहांपुर में रोडवेज बस की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत

HIGHLIGHTS
- मृतक परिवार हरदोई जिले के सवायजपुर गांव का रहने वाला था।
- उस्मान अपने परिवार के साथ शाहजहांपुर आए हुए थे।
- सोमवार शाम घर लौटने के लिए परिवार बरेली मोड़ पहुंचा था।
शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर सोमवार शाम सड़क पार करते समय रोडवेज बस की टक्कर से मां और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरदोई जिले के लोनार थाना क्षेत्र के सवायजपुर गांव निवासी नसरीन और उनके बेटे सूफियान के रूप में हुई है। पत्नी और बेटे को आंखों के सामने खोने से उस्मान का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सड़क पार कर रही थीं नसरीन
परिजनों के मुताबिक, उस्मान अपनी पत्नी नसरीन, बेटे सूफियान और बेटी आयशा के साथ अपनी मां सरबरी को बहन-बहनोई के घर मोहल्ला चौक आला खां छोड़ने के लिए शुक्रवार को शाहजहांपुर आए थे। सोमवार शाम घर लौटने के लिए वह पत्नी, बेटी और बेटे के साथ ई-रिक्शा से बरेली मोड़ पहुंचे। इसी दौरान सड़क पार करते समय बरेली की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने नसरीन और उनकी गोद में मौजूद सूफियान को टक्कर मार दी।
मां-बेटे के ऊपर से गुजरा बस का पहिया
टक्कर लगने से नसरीन और सूफियान सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक बस लेकर आगे बढ़ गया। इस दौरान बस का पहिया मां-बेटे के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.