गुलजार सिंह के परिवार से मिले अमित शाह, दो-तीन महीने में इंसाफ का दिया भरोसा

HIGHLIGHTS
- मुलाकात के दौरान उन्होंने घटनाक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली।
- परिवार ने पंजाब सरकार पर भरोसा न होने की बात कही।
- परिजनों ने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को मामला सौंपने की मांग की।
संगरूर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर दिड़बा के पास स्थित गांव तूरबंजारा में मृतक गुलजार सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
अमित शाह ने परिवार को आश्वासन दिया कि अगले दो से तीन महीने में उन्हें इंसाफ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इंसाफ दिलाने के बाद वह गुलजार सिंह की आत्मिक शांति के लिए आयोजित होने वाले भोग में भी शामिल होने आएंगे।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने करीब 20 मिनट तक उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने घटनाक्रम से जुड़ी सभी बातें पूछीं और परिवार की मांगों को गंभीरता से सुना।
सीबीआई जांच कराने की उठाई मांग
मुलाकात के बाद परिवार ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें अपनी ओर से आश्वासन दिया है। परिवार की प्रमुख मांग है कि उन्हें पंजाब सरकार पर भरोसा नहीं है। इसलिए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच के जरिए उन्हें इंसाफ मिल सके।
वहीं, गुलजार सिंह के परिवार के साथ भाजपा की जिला प्रधान-2 दामन बाजवा ने गांव कनोई में आत्महत्या करने वाले सनमदीप सिंह के परिजनों की भी अमित शाह से मुलाकात करवाई।
कथित आरोपी मंत्री पर कार्रवाई की मांग
गुलजार सिंह की पत्नी पाल कौर और परिवार के अन्य सदस्यों ने केंद्रीय गृह मंत्री के सामने एक बार फिर कथित आरोपी मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी।
परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें इंसाफ मिलने का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि परिवार ने अभी तक गुलजार सिंह की अस्थियों का विसर्जन नहीं किया है। उनकी आत्मिक शांति के लिए भोग का आयोजन भी नहीं किया गया है। परिवार इंसाफ मिलने की उम्मीद में अपनी मांगों पर अडिग है।
अमित शाह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द इंसाफ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंसाफ मिलने के बाद वह स्वयं गुलजार सिंह की आत्मिक शांति के लिए आयोजित भोग में शामिल होने पहुंचेंगे। अब परिवार को मामले की निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.