मां से मिलते ही भावुक हुए सीएम सुक्खू, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

नादौन: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू लंबे समय के बाद रविवार को अपने पैतृक गांव भवड़ां पहुंचे, जहां उनके घर पर मां संसार देई से मुलाकात हुई। भावुक माहौल में मुख्यमंत्री ने मां के चरण छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया और मां ने उन्हें गले लगाते हुए सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। लगभग आधे घंटे तक घर पर रुकने के बाद मुख्यमंत्री शिमला के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए साल के मौके पर मां से मिलना उनके लिए खास था।
मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान ग्राम पंचायत अमलैहड़ में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधारों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई के अधीन ला रही है। इसके तहत अंग्रेजी और गणित विषय के लिए विशेष प्रशिक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी भर्ती जल्द शुरू की जाएगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलैहड़ स्कूल को भी सीबीएसई का दर्जा दिया गया है। यहां राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण तेजी से चल रहा है और अगले साल से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। अमलैहड़ समेत प्रदेश के चार चयनित स्कूलों में मल्टीपल सब्जेक्ट विकल्प शुरू किए जाएंगे, ताकि छात्र अपनी रुचि के अनुसार विषय चुन सकें।
कृषि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया और कहा कि सरकार इस विधि से उगाई गई फसलों की उच्च मूल्य पर खरीद सुनिश्चित कर रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई हल्दी को सरकार 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदेगी। पांच कनाल भूमि पर हल्दी उगाकर किसान लगभग तीन लाख रुपये तक की आय प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने पर भी सरकार सब्सिडी दे रही है। चार कनाल भूमि पर सोलर प्लांट लगाकर युवा हर साल तीन लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं। उन्होंने नादौन क्षेत्र में पेयजल परियोजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी और बताया कि पानी की शुद्धता के लिए पारंपरिक ब्लीचिंग पाउडर की जगह आधुनिक यू.वी. तकनीक और ओजोन प्रक्रिया का उपयोग किया जा रहा है।
विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्री वैकुंठ धाम एवं पार्क का उद्घाटन किया और लोगों की समस्याएं सुनी। इसके अलावा नादौन शहर के इंद्रपाल चौक में स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की प्रतिमा एवं स्मारक का लोकार्पण किया गया, जिसका जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण नगर परिषद के माध्यम से किया गया था।
कार्यक्रम में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी बैंक अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.