CM योगी का सपा पर हमला, बोले- ये लोग रंग बदल रहे हैं; हम 6 महीने में 1 लाख युवाओं को नौकरी देंगे

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर तीखा हमला बोला।
- 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिले।
- इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह हुआ।
- योगी ने नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सरकारी नौकरियों और गांवों के विकास के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नौजवानों के अधिकार पर डकैती डाली, पिछड़ों और दलितों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलने दिया और युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा किया, उनके लिए विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वही लोग अब नए रूप और नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से इनसे सावधान रहने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि भ्रम की स्थिति पैदा कर राज्य को अराजकता की ओर ले जाने की साजिश की जाएगी। उन्होंने सपा-कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वे गिनते रहें और सरकार नियुक्ति पत्र बांटती रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे।
नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 15 सितंबर के आसपास कहा था कि हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे और छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से यह चौथी नियुक्ति पत्र वितरण प्रक्रिया पूरी हुई है। अक्टूबर के पहले सप्ताह से एक बार फिर नियुक्ति पत्रों का वितरण शुरू किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.