मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य मेलों का सीएमओ ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के तहत आयोजित विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, जांच सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी, तेजलहेड़ा, छपार, बरला और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इन केंद्रों पर मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श, जांच प्रक्रिया, दवा वितरण और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति को बारीकी से देखा।

निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने मौजूद चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए और पात्र लोगों को उनका पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाए।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मरीजों के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा आवश्यक दवाओं और चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मेलों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्होंने स्वास्थ्य जांच, परामर्श और दवा वितरण सेवाओं का लाभ उठाया। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर कार्य प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.