कांग्रेस और सपा ने आंबेडकर को भुलाने का पाप किया: पीएम मोदी

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल केवल एक संरचना नहीं, बल्कि उस विचारधारा का प्रतीक है जिसने देश को आत्मसम्मान, सेवा और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाएं भले ही ऊंचाई में विशाल हों, लेकिन उनसे मिलने वाली प्रेरणा उनसे भी कहीं अधिक ऊंची है।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश समेत पूरे देशवासियों को इस आधुनिक प्रेरणा स्थल के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि जिस भूमि पर यह परिसर विकसित हुआ है, वहां वर्षों तक कूड़े-कचरे का अंबार लगा रहता था। इस स्थान को नई पहचान देने में जुड़े सभी लोगों की उन्होंने सराहना की।
अनुच्छेद 370 हटाने का गर्व
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह गर्व का विषय है कि उसकी सरकार ने अनुच्छेद 370 को समाप्त किया। इसकी नींव बहुत पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखी थी, जिसे अब साकार किया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश में अब दो निशान और दो विधान नहीं चल सकते, भारत एकता और समानता के सूत्र में बंधा है।
एक परिवार केंद्रित राजनीति पर हमला
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में लंबे समय तक हर अच्छे कार्य को एक ही परिवार से जोड़ने की कोशिश की गई। सड़कों, प्रतिमाओं और यहां तक कि मोहल्लों के नाम भी उसी परिवार से जुड़े रहे। भाजपा ने इस सोच से बाहर निकालकर देश को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाएं देश के कई हिस्सों में स्थापित हैं, जो पहले संभव नहीं था।
आंबेडकर को सम्मान न देने का आरोप
पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली और प्रदेश की राजनीति में कुछ दलों ने जानबूझकर आंबेडकर के योगदान को नजरअंदाज किया।
लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
प्रधानमंत्री ने कहा कि लखनऊ आज वैश्विक पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में ब्रह्मोस मिसाइल की अहम भूमिका रही है और इसका निर्माण लखनऊ में किया जा रहा है।
जन-कल्याण योजनाओं का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि पहले बैंकिंग और बीमा सुविधाएं सीमित लोगों तक ही थीं। सरकार ने जनधन योजना के जरिए करोड़ों लोगों के खाते खुलवाए और जीवन ज्योति बीमा योजना से 25 करोड़ से अधिक गरीबों को जोड़ा। वहीं, दुर्घटना बीमा योजना से 55 करोड़ से ज्यादा लोग लाभान्वित हुए हैं। इन योजनाओं के तहत अब तक करीब 25 हजार करोड़ रुपये का भुगतान जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा है।
सड़क और मेट्रो विकास में अटल जी का योगदान
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद से अब तक गांवों में करीब आठ लाख किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं, जिनमें से आधी से अधिक पिछले दस वर्षों में बनी हैं। देशभर में एक्सप्रेसवे नेटवर्क तेजी से विकसित हो रहा है और उत्तर प्रदेश इसमें अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई थी और आज मेट्रो नेटवर्क देश के कई शहरों में लोगों की जिंदगी को आसान बना रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.