उन्नाव में सनसनीखेज वारदात, पति की हत्या के बाद बक्से में बंद किया शव

HIGHLIGHTS
- मृतक सोनू सविता की उम्र 28 वर्ष थी और वह गंगाघाट क्षेत्र के भातूफार्म में रहता था।
- नेहा पिछले आठ साल से सोनू के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी।
- दूसरे युवक से नजदीकी बढ़ने के बाद सोनू और नेहा के बीच अक्सर विवाद होता था।
उन्नाव। मेरठ के नीले ड्रमकांड के बाद उन्नाव में बक्सा हत्याकांड का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बक्से में भरकर करीब 15 किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे की सर्विस लेन पर ललऊखेड़ा के पास फेंक दिया।
शव को जिस लोडर में रखकर ले जाया गया था, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसका पता लगा लिया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी, मदद करने वाले एक यू-ट्यूबर और लोडर चालक को हिरासत में लिया है। बक्से को लोडर में चढ़ाने वाले मजदूरों की तलाश की जा रही है।
गंगाघाट क्षेत्र के भातूफार्म निवासी 28 वर्षीय सोनू सविता मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। वह पिछले आठ वर्षों से नेहा नाम की महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। नेहा अपने पहले पति को छोड़कर सोनू के साथ रहने आई थी। कुछ समय पहले महिला की नजदीकियां एक अन्य युवक से बढ़ गई थीं। इस बात को लेकर सोनू और नेहा के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोनू की हत्या की साजिश रची। मंगलवार दोपहर उसने सिलबट्टे से सोनू के सिर पर वार कर उसकी जान ले ली। इसके बाद प्रेमी की मदद से शव को एक बड़े बक्से में रख दिया और उसके ऊपर कंबल व अन्य सामान रख दिया।
यू-ट्यूबर की मदद से शव को ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद महिला ने शुक्लागंज के एक यू-ट्यूबर को बुलाया और उसे पूरी घटना बताकर शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी। यू-ट्यूबर ने एक लोडर बुलवाया और 1,200 रुपये में बक्से को ललऊखेड़ा के पास पहुंचाने के लिए गाड़ी बुक की।
इसके बाद दो मजदूरों की मदद से बक्से को लोडर में रखवाया गया। बक्से को करीब 15 किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे पर ललऊखेड़ा चौकी से लगभग 300 मीटर दूर सर्विस लेन के किनारे उतारकर सभी वहां से चले गए।
रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बक्सा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लोडर का पता लगाया, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.