'देखो मेरी दिल्ली' सेवा शुरू: आईएनए से शुरू होगा सफर, सीएम रेखा ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को रफी मार्ग से दिल्ली पर्यटन की नई डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने संयुक्त रूप से बस का अनावरण किया और मीडिया व अधिकारियों के साथ इसकी पहली सवारी की।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी मॉडल) और सरकार की दूरदर्शी नीतियों का सफल उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह सेवा दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बस यात्रा में रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक का सफर शामिल था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन को आगे बढ़ाने वाली है। शून्य-उत्सर्जन वाली इस इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से पर्यटकों को दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक संरचनाओं का एक साथ अनुभव मिलेगा।
सुविधाएं और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता
इस 63-सीटर डबल डेकर बस में आधुनिक सुविधाएं, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और पैनोरमिक अपर डेक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बस पर्यटकों को आरामदायक यात्रा का अनुभव देगी और कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी योगदान करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेवा दिल्ली की स्वच्छ, हरित और गतिशील वैश्विक छवि को और मजबूत करेगी।
दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म हब बनाने की दिशा
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस बस का शुभारंभ सिर्फ एक नई सेवा नहीं, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने का संकेत है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 1,200 से अधिक स्मारक हैं और यह शहर प्राचीन सभ्यता, ब्रिटिश विरासत और आधुनिक बुनियादी ढांचे का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करता है।
बस सर्किट और टिकट जानकारी
‘देखो मेरी दिल्ली’ बस सेवा पूरी तरह इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है। इसका प्रारंभिक स्थल दिल्ली हाट, आईएनए है और बस प्रतिदिन सुबह 9 बजे यात्रा शुरू करेगी। यह बस निम्नलिखित प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगी:
विजय चौक
राष्ट्रपति भवन
नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक
नेशनल म्यूजियम
नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट
प्रधानमंत्री संग्रहालय
नेशनल वॉर मेमोरियल
इंडिया गेट
बस का किराया 500 रुपये + 5% GST है। 5–10 वर्ष के बच्चों का किराया 300 रुपये + 5% GST है, जबकि 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। टिकट ऑनलाइन दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट www.delhitourism.gov.in और ऑफलाइन विभिन्न सूचना केंद्रों से खरीदी जा सकती है।
इस नई डबल डेकर बस सेवा के साथ, दिल्ली अब पर्यटकों को इतिहास और आधुनिकता का संपूर्ण अनुभव प्रदान करने वाले वैश्विक स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होती दिख रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.