दिल्ली: गर्मी ने फरवरी महीने में ही छुड़ाए पसीने, चौथी बार पारा 30°C के पार

दिल्ली: फरवरी अभी खत्म भी नहीं हुई है और राजधानी दिल्ली में गर्मी ने दस्तक तेज कर दी है। बुधवार को इस महीने चौथी बार तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। दिन में चटक धूप और हल्की हवाओं के कारण मौसम साफ तो रहा, लेकिन धूप की तीव्रता ने गर्मी का अहसास बढ़ा दिया। वहीं, सुबह और देर शाम हल्की ठंड अब भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर भी उतार-चढ़ाव भरा रहा—अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 33 प्रतिशत तक पहुंचा। अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान में भी अंतर देखने को मिला। रिज क्षेत्र में 14.8 डिग्री, आया नगर में 12.5 डिग्री, लोधी रोड पर 12.4 डिग्री और पालम में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। 26 फरवरी से 3 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हवा की रफ्तार भी हल्की से मध्यम रहने की संभावना है। 26 और 27 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी तथा दक्षिण-पश्चिमी दिशाओं से 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच हवा की रफ्तार 5 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.