दिल्ली: शादी की सालगिरह के दिन सड़क हादसे में पति की मौत

पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी की सालगिरह मनाकर पत्नी और दो बच्चों के साथ घर लौट रहे एक युवक की कार की टक्कर में मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि बाइक कार में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटती चली गई।
हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बाइक चला रहे नीरज कुमार (35) को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी सोनम (32) और दोनों बच्चे हर्षित (10) व महिमा (8) घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
सालगिरह की खुशियां पलभर में बदलीं हादसे में
जानकारी के अनुसार, बुधवार को नीरज और सोनम की शादी की सालगिरह थी। बच्चों की इच्छा पर परिवार इंडिया गेट घूमने गया था, जहां उन्होंने कनॉट प्लेस में डिनर भी किया। रात करीब एक बजे लौटते समय विकास मार्ग पर यह हादसा हुआ।
टक्कर के बाद मौके से भागने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने के बाद कार चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक की पहचान सचिन गुलाठी (45) के रूप में हुई है, जो नोएडा के सेक्टर-31 का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
परिवार का हाल बेहाल
पुलिस ने बताया कि नीरज न्यू संजय अमर कॉलोनी, सब्जी मंडी इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और एक निजी कंपनी में काम करते थे। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सोनम को पहले जीटीबी अस्पताल और बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.