भाजपा में अध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया शुरू, सौंपे गए समर्थन पत्र

भारतीय जनता पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने समर्थन पत्र सौंपकर उम्मीदवार के पक्ष में सहमति जता दी है, जिससे चुनावी प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। उनके नामांकन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं का समर्थन प्राप्त है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है। नेतृत्व स्तर पर उन्हें लेकर व्यापक सहमति बन चुकी है। यदि कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं आता है, तो नबीन कल औपचारिक रूप से पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल सकते हैं। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नबीन को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
चुनाव कार्यक्रम की समय-सारिणी
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन की जांच होगी। उम्मीदवारों को शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंगलवार को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कैसे चुना जाता है भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और विभिन्न राज्यों की परिषदों के निर्वाचित प्रतिनिधियों से बने निर्वाचन मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी पार्टी का राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी करता है। किसी भी उम्मीदवार के प्रस्ताव के लिए कम से कम 20 निर्वाचकों का समर्थन जरूरी होता है। साथ ही उम्मीदवार का पार्टी का कम से कम चार कार्यकाल तक सक्रिय सदस्य होना और 15 साल की सदस्यता पूरी करना अनिवार्य है। प्रस्ताव कम से कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां परिषदों के चुनाव संपन्न हो चुके हों।
कल होगा शपथ ग्रहण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। वे कल सुबह 11:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
नितिन नबीन का राजनीतिक सफर
नितिन नबीन बिहार के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं और संगठनात्मक मजबूती के लिए पहचाने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। अब वे पार्टी की कमान संभालने की तैयारी में हैं और भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.