पीलीभीत में ट्रक चालक की जलकर मौत का खुलासा, प्रेमिका ने रॉड से किया था हमला

HIGHLIGHTS
- सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल से पुलिस को मिला अहम सुराग
- वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डीजल की पिपिया बरामद
- घटना के 14 दिन बाद दर्ज हुई थी हत्या की रिपोर्ट
यूपी के पीलीभीत स्थित पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की जलकर हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध खत्म करने को लेकर हुए विवाद में उसकी प्रेमिका रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र निवासी अमनदीप कौर ने ट्रक की केबिन में लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया था। बलजिंदर के बेहोश होने के बाद अमनदीप ने घटना को हादसा दिखाने के लिए ट्रक की केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह हाईवे से गुजर रहे एक वाहन में बैठकर अपने मायके चली गई।
लोहे की रॉड और डीजल रखने वाली पिपिया बरामद
पुलिस ने आरोपी अमनदीप कौर उर्फ अमना को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डीजल रखने वाली खाली प्लास्टिक की पिपिया बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
उत्तराखंड से नेपाल जा रहा था बलजिंदर
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा बोसेना निवासी बलजिंदर सिंह रुद्रपुर उत्तराखंड से फोम लदा ट्रक लेकर नेपाल बॉर्डर जा रहा था। 10 जुलाई को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक की केबिन में उसका जला हुआ शव मिला था। पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी और बिसरा सुरक्षित किया गया था।
सीसीटीवी से जांच ने लिया नया मोड़
शुरुआत में पुलिस घटना को हादसा मानकर जांच कर रही थी, लेकिन परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे थे। बलजिंदर के परिजनों ने घटना से पहले की सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पुलिस को दी। इसके बाद जांच ने नया मोड़ लिया। घटना के 14 दिन बाद बलजिंदर के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
बलजिंदर की कॉल रिकॉर्ड से महिला तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो सामने आया कि ट्रक गुरुद्वारे से निकलने के करीब एक घंटे बाद लगभग एक किलोमीटर दूर आग की चपेट में आया था। इसके बाद बलजिंदर के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली गई। जांच में एक महिला से उसकी कई बार बातचीत सामने आई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
तीन साल से थे प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, बलजिंदर सिंह और अमनदीप कौर के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। अमनदीप संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि बलजिंदर उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते अमनदीप ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
अमनदीप का मायका पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में है। घटना से पहले वह मायके आ गई थी। उसने परिजनों को सहेली से मिलने पूरनपुर जाने की बात बताई और वहां से घटना स्थल पर पहुंच गई। ट्रक के वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच केबिन में विवाद हुआ। इसी दौरान अमनदीप ने केबिन में रखी लोहे की रॉड से बलजिंदर के सिर पर वार कर दिया।
बलजिंदर के बेहोश होने के बाद अमनदीप ने केबिन में रखी पिपिया से डीजल डालकर आग लगा दी, ताकि घटना को सड़क हादसा दिखाया जा सके। इसके बाद वह हाईवे से गुजर रहे वाहन में बैठकर वापस अपने मायके चली गई।
परिवार के शक और दूसरे मोबाइल नंबर से खुला राज
ट्रक के केबिन में आग लगने से चालक बलजिंदर की मौत को पुलिस और अग्निशमन विभाग ने शुरुआत में हादसा माना था। हालांकि, मृतक के परिवार को घटना की परिस्थितियों पर शक था। परिजनों ने पुलिस से हत्या की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से पड़ताल शुरू की और हादसा समझी जा रही घटना के पीछे हत्या की कहानी सामने आई।
दो मोबाइल नंबर इस्तेमाल करता था बलजिंदर
पुलिस ने सबसे पहले मृतक के बारे में अन्य जानकारियां जुटाईं और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। पहले मोबाइल नंबर से जांच में कोई खास सुराग नहीं मिला। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया तो पता चला कि बलजिंदर दूसरे मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल करता था। पुलिस ने उस नंबर की भी कॉल डिटेल निकलवाई।
ऐसे अमनदीप तक पहुंची पुलिस
दूसरे नंबर की कॉल डिटेल में एक नंबर से नियमित और काफी अधिक बातचीत सामने आई। पुलिस ने संबंधित नंबर को ट्रेस किया तो घटना वाले दिन और घटना स्थल के आसपास उसकी लोकेशन मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और टीम ने नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस दूसरे मोबाइल नंबर के जरिए रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के बड़ा बरसाना गांव निवासी अमनदीप कौर उर्फ अमना पत्नी सुखविंदर सिंह तक पहुंची।
पुलिस का बयान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्तमान में उत्तराखंड में रुद्रपुर के पास सोढ़ी कॉलोनी में रह रही थी। पूछताछ के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तथ्यों को जोड़कर मामले की कड़ियां जोड़ीं। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर जांच की मांग की थी। इसके बाद तीन टीमों को लगाकर जांच कराई गई। गहनता से जांच के बाद सामने आए तथ्यों से घटना की हकीकत सामने आई और पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.