बरेली में पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई न करना पड़ा भारी, थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित

HIGHLIGHTS
- पीड़िता ने 27 अक्टूबर को सीबीगंज थाने पहुंचकर शिकायत की थी।
- 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद भी FIR दर्ज नहीं हुई।
- एसएसपी ने 28 अक्टूबर को अधिकारियों के साथ जनसुनवाई की समीक्षा की थी।
बरेली। जनसुनवाई में लापरवाही बरतने और गंभीर चोट से पीड़ित महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के मामले में सीबीगंज पुलिस पर कार्रवाई हुई है। पीड़िता के सिर में गंभीर चोट होने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
दरअसल, एसएसपी अनुराग आर्य ने 28 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई को गंभीरता से लेने और शिकायतों पर निर्धारित समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने 27 अक्टूबर को थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से निर्देश दिए जाने के बावजूद पीड़िता के सिर में गंभीर चोट होने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सीबीगंज थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और उप निरीक्षक अश्वनी शर्मा को निलंबित कर दिया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई में लापरवाही बरतने और पीड़ितों की शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.