वाराणसी-काठमांडू में खराब मौसम का असर, चार विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट

HIGHLIGHTS
- इंडिगो की बेंगलुरु और दिल्ली से आने वाली उड़ानें लखनऊ पहुंचीं।
- हांगझोऊ और दुबई से काठमांडू जा रहे विमान भी डायवर्ट किए गए।
- सुबह 7:05 से 8:18 बजे के बीच चारों विमानों ने लैंडिंग की।
वाराणसी और काठमांडू में सोमवार सुबह मौसम खराब होने के साथ घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता कम हो गई और चार विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। डायवर्ट किए गए विमानों में वाराणसी जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें, जबकि काठमांडू जाने वाली हिमालय एयरलाइंस और फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल थी। अचानक हुए इस बदलाव के कारण यात्रियों को परेशानी हुई।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6558 ने सुबह 7:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। वहीं, दिल्ली से वाराणसी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6246 सुबह 7:05 बजे लखनऊ पहुंची।
इसके अलावा चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान एच-9226 को भी डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। वहीं, दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या एफजेड-8399 सुबह 8:18 बजे लखनऊ पहुंची।
मौसम सुधरने के बाद रवाना होंगे विमान
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी और काठमांडू में खराब मौसम तथा कम दृश्यता के चलते विमानों को लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही कोई आपात स्थिति बनी थी।
मौसम सामान्य होने और दृश्यता बेहतर होने के बाद सभी विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.