गोंडा में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- प्रदेश के लिए श्राप है समाजवादी पार्टी

HIGHLIGHTS
- देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उल्लेख किया।
- योगी ने युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराने की सरकार की कोशिश बताई।
- दीपावली पर गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील की।
गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा की गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रदेश के लिए श्राप है। जब-जब पार्टी सत्ता में आई, प्रदेश में तबाही लेकर आई। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी। त्योहारों से पहले ही लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता होने लगती थी, जबकि आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त है।
मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 को अयोध्या में रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का भी जिक्र किया और तत्कालीन सपा सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि उस दिन अयोध्या में तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। आज भाजपा सरकार रामभक्तों पर फूल बरसा रही है और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। योगी ने कहा कि पहले दुर्गा पूजा के पंडालों और धार्मिक आयोजनों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे। देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा की अनुमति तक नहीं मिलती थी और कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाने की कोशिश होती थी। अब नवरात्र और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।
गरीबों और युवाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर गरीबों के हितों की अनदेखी करने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय गरीबों के बच्चों की कोई कीमत नहीं थी। गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौत के मामले सामने आते थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग से पूछने पर भी बीमारी का पता नहीं चल पाता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में गरीबों के हक पर डाका डाला जाता था और युवाओं के रोजगार के अवसरों के साथ खिलवाड़ होता था।
योगी आदित्यनाथ ने 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय गोंडा देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। उन्होंने सपा शासनकाल के खाद्यान्न घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। मौजूदा सरकार में राशन, रसोई गैस और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
दंगाइयों को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दंगा करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश का माहौल बना है।
योगी के मुताबिक, गोंडा में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं, देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोंडा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना सपना था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। सरकार की कोशिश है कि युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार मिले और उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
दीपावली पर गरीब परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार आस्था का सम्मान करने के साथ लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम कर रही है। वहीं, उन्होंने सपा और कांग्रेस पर अपराधियों और बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उन्होंने लोगों से दीपावली के अवसर पर गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां साझा करने की अपील की।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, रमापति शास्त्री, प्रेमनरायन पांडेय, अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.