गाजियाबाद: लोनी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बेटा और महिला मित्र गिरफ्तार

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र की टोली मोहल्ला कॉलोनी में बुजुर्ग अजीजुद्दीन की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक के बेटे और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे बिलाल को मुंबई के ठाणे स्थित मुंब्रा इलाके से पकड़ा गया, जबकि उसकी महिला मित्र खुशबू को लोनी तिराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने की है।
जांच में सामने आया है कि संपत्ति से बेदखल किए जाने के कारण बिलाल अपने पिता से नाराज था। बताया जा रहा है कि पिता ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। इसी रंजिश में बिलाल ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अजीजुद्दीन की गला दबाकर हत्या की थी। वारदात के बाद शव को घर के बेसमेंट में छोड़कर वे मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के आधार पर दोनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.