सोने-चांदी की कीमतों ने तोड़ा रिकॉर्ड, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

निवेशकों के बीच सोना और चांदी को हमेशा सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश माना गया है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोने और चांदी के दामों में जोरदार उछाल देखा गया। 10 ग्राम सोने का भाव पहली बार ₹1,27,000 के पार पहुंच गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। इस तेजी का मुख्य कारण अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ना और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद को माना जा रहा है।
सुबह कारोबार की शुरुआत में सोने का भाव ₹1,26,915 प्रति 10 ग्राम था, जो पिछले बंद भाव से करीब आधा प्रतिशत अधिक था। दिन में यह ₹1,27,500 तक पहुंच गया। चांदी भी पीछे नहीं रही। MCX पर चांदी का भाव ₹1,59,800 प्रति किलोग्राम से शुरू होकर दिन में ₹1,61,418 तक बढ़ गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान समय में आर्थिक और भू-राजनीतिक अस्थिरताओं के बीच निवेशक सोना और चांदी को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस साल अब तक सोने की कीमतों में लगभग 55 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले कई वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन है। पिछले 20 वर्षों में सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। 2005 में 10 ग्राम सोने का भाव लगभग ₹7,638 था, जो अब ₹1,00,000 से अधिक पहुंच चुका है।
चांदी ने भी निवेशकों को आकर्षित किया है। पिछले कुछ महीनों से इसकी कीमत ₹1 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास या उससे ऊपर बनी हुई है। 2005 से 2025 के बीच चांदी में करीब 668 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह निवेशकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बन गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.