गोरखपुर: राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोर डूबे, शव बरामद

गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट के पास राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों का शव शुक्रवार को बरामद किया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की चार टीमें लगातार नदी में खोज अभियान चला रही थीं। किशोरों की मौत की खबर मिलते ही घरों में मातम छा गया, परिजन दुःख में बिलख रहे हैं।
घटना का क्रम
जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के रानीडीहा शिवमंदिर टोला निवासी अमन उर्फ बीरू राजभर (15), मालवीय नगर निवासी विवेक निषाद (15), जंगल सिकरी निवासी गगन पासवान (15) और रानीडीहा निवासी अनिकेत यादव (13) अपने साथी राजकरन उर्फ टाइमपास के साथ बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे मिर्जापुर घाट पहुंचे थे।
पांचों किशोर पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने लगे। इसी दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। राजकरन किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा।
सर्च अभियान और शव बरामदगी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, ग्राम प्रधान और पुलिस मौके पर पहुंचे। खोराबार और कैंट पुलिस ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को बुलाकर देर रात तक खोज अभियान चलाया। मौके से चार साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
बृहस्पतिवार सुबह सर्च अभियान दोबारा शुरू हुआ। इसी दौरान विवेक निषाद का शव घटना स्थल से लगभग 100 मीटर दूर बरामद किया गया। अन्य तीन किशोरों का शव शुक्रवार सुबह घटाना स्थल से लगभग एक किमी दूर मिला। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों का हाल
विवेक निषाद का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जैसे ही सूचना घर पहुंची, परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मां बार-बार बेटे का नाम लेकर बेहोश हो रही थी, जबकि पिता सतीश, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, फूट-फूटकर रो पड़े।
विवेक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सुंदर और समीर अभी इस सदमे को समझ भी नहीं पा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि वह कक्षा 6 का छात्र था और पढ़ाई में अच्छा था। घर की जिम्मेदारियों में भी वह हाथ बंटाता था।
अन्य तीन किशोरों के घरों में भी मातम पसरा हुआ है। परिजन नदी की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं, उम्मीद में कि उनके बच्चे सकुशल लौट आएं। गाँव में सन्नाटा है और हर आंख नम है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.