ग्रेटर नोएडा: दोस्त के फ्लैट में पार्टी के दौरान बालकनी से गिरा युवक, मौत

ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में नववर्ष की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक आवासीय सोसाइटी में पार्टी के दौरान एक प्रॉपर्टी डीलर की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त के फ्लैट में मनाने गया था न्यू ईयर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 31 वर्षीय विनीत गोल्फ होम सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बुधवार रात वह नए साल का जश्न मनाने अपने दोस्तों के फ्लैट पर गए थे। देर रात करीब दो बजे वह अचानक 15वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गए और पहली मंजिल पर लगे टीन शेड पर जा गिरे।
इलाज के दौरान हुई मौत
गंभीर रूप से घायल विनीत को तुरंत बिसरख स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बिहार के सिवान जिले के थे निवासी
पुलिस ने बताया कि विनीत मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के ग्रेटर नोएडा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
तेज संगीत और पार्टी का माहौल
पुलिस पूछताछ में पार्टी में मौजूद युवकों ने बताया कि तेज आवाज में संगीत चल रहा था और कई लोग शराब का सेवन कर रहे थे। किसी को यह अंदाजा नहीं लग पाया कि विनीत कब कमरे से निकलकर बालकनी तक पहुंच गए। शराब सेवन से जुड़ी स्थिति की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटनावश गिरने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.