गुरुग्राम: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से कैंपर चालक की मौत

गुरुग्राम। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर–गुरुग्राम रोड पर 16 मई की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंडियन गैस एजेंसी के सामने करीब 10:15 बजे तेज रफ्तार कैंटर ने एक कैंपर गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कैंपर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भिवानी जिले के रिवाड़ी खेड़ा गांव निवासी 38 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है, जो फिलहाल सुल्तानपुर गांव में किराये पर रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करता था। उसके भाई विनोद कुमार ने बताया कि अमरजीत 16 मई की रात अपने ऑफिस से कैंपर गाड़ी में सुल्तानपुर की ओर जा रहा था।
जैसे ही वह सुल्तानपुर–गुरुग्राम रोड पर इंडियन गैस एजेंसी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमरजीत वाहन में ही फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कैंटर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी चालक धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.